Washington
भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ

भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ, ट्रेड डील कर ली तो 17 प्रतिशत लगेगा

यह प्रस्ताव यूएसटीआर की ओर से मार्च में 16 देशों एवं आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ धारा 301 के तहत शुरू की गई जांच का हिस्सा है
Published on: 

वाशिंगटन :

अमेरिका ने बुधवार को भारत के साथ व्यापार समझौता नहीं होने की स्थिति में भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया। उसने भारत में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक क्षमता, बाजार तक पहुंच में लगातार बनी बाधाओं और श्रमिकों को अपर्याप्त संरक्षण को इसकी वजह बताते हुए कहा कि इनसे अमेरिकी कंपनियों के हितों को नुकसान पहुंचता है। इसके साथ ही, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौता होने की स्थिति में भारतीय उत्पादों पर शुल्क की दर 17 प्रतिशत होगी। यह प्रस्ताव यूएसटीआर की ओर से मार्च में 16 देशों एवं आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ धारा 301 के तहत शुरू की गई जांच का हिस्सा है। अमेरिका ने अन्य लक्षित अर्थव्यवस्थाओं पर 20 से 35 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया है। हालांकि, व्यापार समझौते वाले देशों के लिए कम दरें प्रस्तावित हैं। यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्विट्जरलैंड के लिए आयात शुल्क सहित 15 प्रतिशत की दर प्रस्तावित है। वहीं, वियतनाम के साथ व्यापार समझौता अंतिम रूप लेने पर वहां से आयातित वस्तुओं पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों ने फरवरी में अंतरिम समझौते का एक ढांचा तैयार किया था। लेकिन ट्रंप प्रशासन की ओर से अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (आईईईपीए) के तहत लगाए गए उच्च शुल्क को अमेरिकी उच्चतम न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद बातचीत फिर शुरू करनी पड़ी। भारत अपने सामान पर अमेरिका में बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम शुल्क चाहता है। यूएसटीआर ने अपनी रिपोर्ट में कहा, \"भारत को औषधि, इस्पात और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) उत्पादों जैसे क्षेत्रों में व्यापार अधिशेष हासिल है। इससे कुछ प्रमुख क्षेत्रों में भारतीय विनिर्माण पर निर्भरता का पता चलता है। \" अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि कई व्यापारिक साझेदारों ने विनिर्माण को बढ़ावा देने, मजदूरी एवं श्रम संरक्षण को कमजोर रखने तथा वित्तीय सहायता देने जैसी नीतियां अपनाई हैं। इससे व्यापार संतुलन उनके पक्ष में झुकता है और अमेरिका का विनिर्माण आधार कमजोर होता है। हालांकि, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित नए शुल्कों को बंधुआ मजदूरी और कुछ विशेष क्षेत्रों पर पहले से लागू शुल्कों के साथ जोड़कर नहीं लगाया जाएगा। यूएसटीआर ने इन प्रस्तावों पर 25 जनवरी को सार्वजनिक सुनवाई करने का फैसला किया है। उसने इच्छुक पक्षों से पांच जनवरी तक लिखित टिप्पणियां मांगी हैं। इस बीच, हेलसिंकी जियोइकोनॉमिक्स सोसाइटी की 'कमेटी ऑन स्ट्रैटेजिक ट्रेड एंड मार्केट एक्सेस' से जुड़े अभीक सेनगुप्ता ने अमेरिकी आकलन पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा, \"भारत अपने अधिकांश उत्पादन की खपत घरेलू स्तर पर करता है और वस्तुओं का निर्यात करने से अधिक आयात करता है। इसलिए भारत में घरेलू उत्पादन का अतिरिक्त भंडार होने का अमेरिकी आकलन सही नहीं है। \" उन्होंने कहा कि चीनी कच्चे माल पर भारत की निर्भरता उसके औद्योगिक आधार में कमियों को दर्शाती है, न कि अतिरिक्त उत्पादन को। भारत को दंडित करने से आपूर्ति शृंखलाएं फिर उन्हीं अर्थव्यवस्थाओं की ओर जा सकती हैं, जिनको लेकर अमेरिका चिंतित है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News