परीक्षा के दौरान बेहोश हुई युवती, अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में सामूहिक दुष्कर्म

आरोप में एंबुलेंस चालक और एक तकनीशियन गिरफ्तार
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

गयाजी : बिहार के गयाजी जिले में एक युवती ने आरोप लगाया है कि सरकारी भर्ती परीक्षा के दौरान बेहोश होने के बाद उसे अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस में उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बताया कि होमगार्ड भर्ती अभियान में शामिल पीड़िता द्वारा पहचाने गए 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद कुमार कौशल ने बताया, 24 जुलाई को जब युवती बेहोश हो गई, तो उसे एंबुलेंस से गयाजी स्थित अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। होश में आने पर युवती ने आरोप लगाया कि उससे एंबुलेंस के अंदर दुष्कर्म किया गया।

उन्होंने कहा, इसके बाद हमने एंबुलेंस में मौजूद चालक और एक तकनीशियन को हिरासत में लिया। युवती ने भी उनकी पहचान कर ली। आरोपियों का जवाब संतोषजनक नहीं था, इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत उन पर मामला दर्ज किया गया।

कौशल ने कहा कि शिकायतकर्ता की मेडिकल जांच पूरी हो गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का समर्थन करने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और विपक्ष ने इस घटना की कड़ी आलोचना की है।

गयाजी में एक रैली को संबोधित करने के लिए रवाना होने से पहले, पासवान ने पटना में पत्रकारों से कहा, यह घटना निंदनीय है। दोषियों को भले ही पकड़ लिया गया हो, लेकिन प्रशासन ऐसे अपराधों को रोकने में असमर्थ है। स्थिति भयावह है और मुझे खेद है कि मैं एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं जो कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने में असमर्थ है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in