आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतरे

दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग रहा प्रभावित
Arah
महानंदा एक्सप्रेस
Published on: 

आरा : बिहार के आरा जंक्शन पर रविवार सुबह महानंदा एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत हुई।

राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच की बताई जा रही हैं।

गलत ट्रैक पर जाने के बाद हुआ हादसा

सूत्रों की माने तो, दिल्ली की ओर जा रही महानंदा एक्सप्रेस आरा जंक्शन पहुंचने से पहले गलत लाइन पर चली गई। इसी दौरान ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद 7:23 बजे ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

करीब तीन घंटे बाधित रहा रेल परिचालन

महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर परिचालन प्रभावित हुआ। रेलवे की टीमें पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल यातायात सामान्य करने में जुटी रहीं। इस वजह से करीब तीन घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा।

फिलहाल महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों की ओर से तकनीकी जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in