डीजीपी बनकर खगड़िया एसपी से पैसे मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार

खुद को डीजीपी बताने वाले व्यक्ति ने बैंक खाता और यूपीआई के जरिये पैसे की मांग की।
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

पटना/खगड़ियाः बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने कथित तौर पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के नाम पर खगड़िया पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार को व्हाट्सऐप संदेश भेजकर पैसे मांगने के आरोप में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी।

साइबर उपाधीक्षक (डीएसपी) निशांत गौरव ने सोमवार को बताया कि एसपी राकेश कुमार के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप संदेश आया, जिसमें खुद को डीजीपी बताने वाले व्यक्ति ने बैंक खाता और यूपीआई के जरिये पैसे की मांग की।

गौरव ने बताया कि आरोपी बार-बार पैसे की मांग कर रहा था और मांग की राशि बढ़ा रहा था। एसपी राकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और साइबर डीएसपी निशांत गौरव के नेतृत्व में उप निरीक्षक चंद्रकांत कुमार और सिपाही गुलशन कुमार ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद करते हुए मधुकांत कुमार और निखिल कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में संलिप्तता स्वीकार की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News