रक्सौल हवाई अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर जारी, CM सम्राट ने PM मोदी को दिया धन्यवाद

डबल इंजन सरकार की पहल से रक्सौल एयरपोर्ट परियोजना आगे बढ़ी
रक्सौल हवाई अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर जारी, CM सम्राट ने PM मोदी को दिया धन्यवाद
Published on

पटना : बिहार में रक्सौल हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकार ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा है कि रक्सौल हवाई अड्डे के विकास की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इसके तहत हवाई अड्डे के रनवे, एप्रन, टैक्सीवे समेत संपूर्ण ‘एयरसाइड इन्फ्रास्ट्रक्चर’ के निर्माण के लिए इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल तकनीकी और आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में इस क्षेत्र को देश और विदेश से बेहतर तरीके से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

पूर्वी चंपारण जिले में स्थित रक्सौल नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण सीमावर्ती शहर है। ऐसे में यहां हवाई अड्डे का निर्माण रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा और यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे के निर्माण से चंपारण क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे ‘डबल इंजन सरकार’ की विकास नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि बिहार तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।

चौधरी ने कहा, डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ बिहार अब विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in