

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को किया जाएगा।
सरावगी ने कहा कि इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा, बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार आ रहे हैं, इसलिए उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
सरावगी ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत गठबंधन के अन्य नेता भी शामिल होंगे।
इस बीच, प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजधानी पटना के गांधी मैदान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं जहां शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे गांधी मैदान क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।