पटना में खान सर कोचिंग पर पथराव और तोड़फोड़, आरोपियों की तलाश में छापेमारी

खान सर ने सुरक्षा बढ़ाने और गरीब छात्रों की पढ़ाई बाधित न होने की मांग की
खान सर
खान सर
Published on

पटना : बिहार की राजधानी पटना में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक कोचिंग संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की और परिसर पर पथराव किया। यह घटना मंगलवार रात पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में हुई।

शहर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, मंगलवार रात लगभग 10 :10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में पथराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच और CCTV फुटेज की पड़ताल में यह सामने आया है कि पटना स्थित एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोग कथित रूप से पथराव और तोड़फोड़ की घटना में शामिल थे।

कोचिंग संस्थान के संस्थापक फैसल खान ने दावा किया कि घटना के दौरान गोलीबारी भी हुई। फैसल ‘खान सर’ के नाम से लोकप्रिय हैं।

खान ने दावा किया, पास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया, हमारे गार्ड की बुरी तरह पिटाई की और गोलीबारी भी की। उनकी मुख्य नाराजगी इस बात को लेकर है कि कोई व्यक्ति इतनी कम फीस में छात्रों को शिक्षा कैसे दे सकता है। हर वर्ष हजारों सफल परिणाम कैसे दे सकता है।

उन्होंने हाल ही में घोषित बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणामों का संदर्भ देते हुए यह बात कही। पुलिस ने मारपीट की घटना की पुष्टि की है, लेकिन उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। खान सर ने कहा कि उन्हें प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की अपेक्षा है ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना जारी रख सकें।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in