

पटना : जनता यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बिहार में ‘पूर्णकालिक नहीं, अंशकालिक राजनीति’ कर रहे हैं।
पटना में झा ने कहा कि जब छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, उस समय तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर थे और छात्रों की मांगें माने जाने के बाद ही वापस लौटे। उन्होंने कहा, अब उनकी पार्टी 19 अगस्त को बिहार में राजभवन मार्च निकालेगी। वह बिहार में पूर्णकालिक राजनीति नहीं, अंशकालिक राजनीति कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने हाल ही में घोषणा की थी कि राजद 19 अगस्त को पटना में राजभवन तक मार्च निकालेगा। यह मार्च पिछले महीने सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल के विरोध में निकाला जाएगा।
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि 25 जुलाई को सीवान में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एके-47 का इस्तेमाल करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे में इस घटना को लेकर अब जुलूस निकालने का कोई मतलब नहीं है।
वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने 25 जुलाई को NEET प्रश्नपत्र लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में बिहार बंद के समर्थन में कई जिलों में प्रदर्शन किया था। इस दौरान पटना, सारण, सीवान, औरंगाबाद, भागलपुर, सीतामढ़ी, पूर्णिया और भोजपुर में प्रदर्शन हिंसक हो गए, जबकि समस्तीपुर, नवादा, नालंदा, मधुबनी और शेखपुरा में प्रदर्शन अपेक्षाकृत हल्के रहे।
पटना के डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव और ईंटें फेंकी थीं, जिसके बाद कई छात्रों को हिरासत में लिया गया था।
सीवान में प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल को एके-47 राइफल का इस्तेमाल करते हुए दिखाने वाला कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरक्षी को निलंबित कर दिया था।
झा ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इसके बजाय रांची जाना चाहिए, जहां छात्र नौकरी संबंधी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, वहां महागठबंधन की सरकार है और RJD उसका घटक है। इसलिए यादव को रांची जाकर राज्य सरकार पर प्रदर्शनकारी छात्रों की सभी मांगें स्वीकार करने के लिए दबाव बनाना चाहिए।