प्रशांत किशोर पर बिना नाम लिए सम्राट चौधरी का तंज, बोले- 'बहुरूपियों' से रहें सावधान

बांकीपुर उपचुनाव : बीजेपी प्रत्याशी के नामांकन के बाद एनडीए ने की शक्ति-प्रदर्शन सभा
Patna
सम्राट ने कहा 'बहुरूपियों' से रहें सावधान
Published on

पटना : बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं और चुनाव प्रचार भी पूरी रफ्तार पकड़ चुका है।

भारतीय जनता पार्टी , राष्ट्रीय जनता दल , जन सुराज, जनशक्ति जनता दल तथा राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। इस चुनाव में विशेष रूप से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की सक्रियता पर सभी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

इस बीच गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा के नामांकन के बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित नामांकन सभा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिए प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई ऐसे लोग मैदान में उतर आते हैं, जिनका बिहार और यहां की राजनीति से कोई वास्तविक सरोकार नहीं रहा है।

सम्राट चौधरी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे "बहुरूपियों" से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली बड़ी सफलता की तरह इस बार भी बांकीपुर की जनता भाजपा को प्रचंड जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस सीट से अपने एक समर्पित कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है और जनता कार्यकर्ता आधारित राजनीति पर भरोसा जताएगी।

स्थानीय जुड़ाव ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत

वहीं दूसरी तरफ सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे नेता चुनाव लड़ने आए हैं, जिन्हें बांकीपुर की जनता ठीक से पहचानती तक नहीं है। इसके विपरीत भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और परिवार से जुड़े हुए हैं तथा लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्षी उम्मीदवारों के स्थानीय जुड़ाव पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं, जबकि भाजपा का उम्मीदवार क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं से भलीभांति परिचित है। सरावगी ने कहा कि जनता विपक्ष के नेताओं के पुराने दावों और वादों को भी याद रखे हुए है तथा उपचुनाव में उसका उचित जवाब देगी।

कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाने की अपील

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करते हुए मतदाताओं तक सरकार की उपलब्धियां और पार्टी की नीतियां पहुंचाई जाएं।

भाजपा में कार्यकर्ता को मिलता है सम्मान

संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बूथ स्तर पर वर्षों तक मेहनत करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को भी चुनाव लड़ने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' इसका सजीव उदाहरण हैं।

पार्टी ने संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा को देखते हुए उन्हें टिकट दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर एनडीए के पक्ष में अपना समर्थन दोहराएगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in