पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या का मुख्य संदिग्ध पुलिस मुठभेड़ में ढेर

शुक्रवार को खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी
गोपाल खेमका हत्याकांड
गोपाल खेमका हत्याकांड-
Published on

पटना : उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या के मामले का एक प्रमुख संदिग्ध पटना के दमरिया घाट इलाके में सोमवार देर रात को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध विकास उर्फ ​​राजा (29) कई अन्य आपराधिक मामलों में भी वांछित था। हत्या मामले की जांच कर रहे अधिकारियों की टीम गुप्त सूचना के आधार पर विकास की तलाश में देर रात करीब 2 बजकर 25 मिनट पर दमरिया घाट पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने बताया, पुलिस कर्मियों को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और गोलियां भी चलाईं। अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें वह मारा गया। इस घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को कोई चोट नहीं आई है। अधिकारी ने बताया कि मौके से एक पिस्तौल एवं कारतूस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने कहा, आशंका है कि पटना में मालसलामी इलाके के निवासी विकास ने ही खेमका की हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार मुहैया कराया था। पुलिस ने पहले ही उमेश राय नामक बंदूकधारी को गिरफ्तार कर लिया है और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिस पर सुपारी देकर हत्या कराने का संदेह है।

अधिकारी ने कहा, भाड़े के हत्यारे को पटना से गिरफ्तार किया गया। मामले में जांच जारी है। हम उचित समय पर और जानकारी साझा करेंगे। खेमका की शुक्रवार सुबह पटना के गांधी मैदान इलाके में उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे की सात साल पहले हाजीपुर में हत्या कर दी गई थी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in