

नयी दिल्ली/पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को 75 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई अन्य नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह पिछले कई वर्षों से बिहार की प्रगति के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं।
मोदी ने कहा कि उनकी दूरदृष्टि और विकास योजनाओं ने अनगिनत लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। प्रधानमंत्री ने कुमार के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की भी कामना की।
शाह ने भी कुमार के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार में NDA प्रदेशवासियों के विकास व प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की कामना करता हूं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
चौधरी ने पोस्ट किया, बिहार के विकास पुरुष, सुशासन बाबू, जन-जन के प्रिय नेता, नीतीश कुमार से उनके जन्मदिवस के अवसर पर मिलकर हार्दिक बधाई और असंख्य शुभकामनाएं दीं। प्रभु से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की शक्ति प्रदान करें।
सिन्हा ने पोस्ट में लिखा, बिहार के लोकप्रिय, कर्मठ और दूरदर्शी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राजग सरकार के नेतृत्व में आपके मार्गदर्शन ने कभी पिछड़े कहे जाने वाले बिहार को विकास की नयी दिशा दी है। सुशासन, सामाजिक न्याय और बुनियादी ढांचे के सशक्त विस्तार के माध्यम से आपने ‘विकसित बिहार’ के सपने को मजबूती से आगे बढ़ाया है। आपकी ईमानदारी, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की शक्ति प्रदान करें।