पटना : मंत्री मंगल पांडेय के खिलाफ जन सुराज का प्रदर्शन, मनोज भारती भी हिरासत में

भारती ने कहा- स्वास्थ्य मंत्री को दे देना चाहिए इस्तीफा
जन सुराज का प्रदर्शन
जन सुराज का प्रदर्शन-
Published on: 

पटना : पुलिस ने सोमवार को पटना में जन सुराज पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया जब वे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती को भी हिरासत में लिया गया।

जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पांडेय के सरकारी आवास के बाहर पहुंचकर मुजफ्फरपुर जिले में 11 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की घटना को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की। पीड़िता की एक जून को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में मौत हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक (पटना, मध्य) दीक्षा ने बताया, पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन के लिए जन सुराज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और उसके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह के किसी भी जमावड़े की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।

भारती ने दावा किया कि बलात्कार पीड़िता की मौत राज्य में कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य प्रणाली के ध्वस्त हो जाने के कारण हुई। भारती ने हिरासत में लिए जाने से पहले दावा किया, लड़की की मौत के लिए राज्य सरकार और पीएमसीएच प्रशासन जिम्मेदार है। इस घटना ने सरकार, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और पीएमसीएच की असंवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को इसके लिए इस्तीफा दे देना चाहिए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News