लालू-राबड़ी की सुरक्षा में कोई कटौती नहीं

बिहार पुलिस का दावा, नियमों के तहत लालू-राबड़ी को पूरी सुरक्षा
लालू-राबड़ी
लालू-राबड़ी
Published on

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे विवाद के बीच बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उन्हें और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

यह मामला उस समय चर्चा में आया जब लालू प्रसाद ने बुधवार को आरोप लगाया था कि उनकी सुरक्षा श्रेणी घटा दी गई है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया था।

बिहार पुलिस ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक स्पष्टीकरण में कहा कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं की गई है। उन्हें निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

लालू-राबड़ी
निशांत को आवंटित आवास को लेकर RJD ने सरकार पर साधा निशाना

पुलिस ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप संचालित होती है। किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा उपलब्ध कराने का आधार उसकी पात्रता और सुरक्षा संबंधी मूल्यांकन होता है। इसी प्रक्रिया के तहत दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

बिहार पुलिस के अनुसार, विशेष सुरक्षा दल (SSG) अधिनियम, 2010 के तहत लालू प्रसाद को अंगरक्षक, आवास गार्ड, एस्कॉर्ट गार्ड, पायलट वाहन और बीआर कार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा उनकी सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने के लिए सादे लिबास में विशेष शाखा के सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

पुलिस ने राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था का विवरण साझा करते हुए कहा कि उन्हें भी अंगरक्षक, आवास गार्ड, एस्कॉर्ट गार्ड, पायलट वाहन और बीआर कार उपलब्ध कराई गई है। साथ ही सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक प्रबंध भी किए गए हैं।

पुलिस ने कहा कि दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को उनकी पात्रता के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जा रही है और उस में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है।

लालू-राबड़ी
CM सम्राट का दावा : ‘डबल-इंजन’ से रफ्तार पकड़ेगा बिहार
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in