

नयी दिल्ली/ पटना : कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार मामलों के सह-प्रभारी देवेंद्र यादव ने गुरुवार को कहा कि महागठबंधन में मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है तथा गठबंधन के वरिष्ठ नेता समय आने पर इस बारे में फैसला कर लेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी और इसकी वजह से राज्य में महागठबंधन की सरकार बनेगी। बिहार में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित है। यादव ने यह भी कहा कि महागठबंधन में सीट बंटवारा उचित समय पर होगा।
पिछले विधानसभा चुनाव के समय यह दावा किया गया था कि कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण महागठबंधन की सरकार नहीं बन पाई थी। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, इस बार कांग्रेस की वजह से ही महागठबंधन की सरकार बनेगी। इस बार पार्टी बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी। राहुल गांधी के प्रति लोगों का विश्वास है और बिहार, कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है।
महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने में विलंब से जुड़े सवाल पर यादव का कहना था, मुख्यमंत्री के चेहरा का फैसला ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं को करना है। इसमें जल्दबाजी क्या है? हम मिलकर लड़ रहे हैं। समय आने पर हमारे वरिष्ठ नेता इसे स्पष्ट कर देंगे।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस समय सिर्फ चुनाव पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने यह दावा भी किया कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भाजपा की ‘बी टीम’ की तरह काम कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, बिहार में प्रशांत किशोर की कोई सियासी हैसियत नजर नहीं आती। वह बिहार में रोजाना बेनकाब होते जा रहे हैं। उनके बयानों से साफ है कि वह भाजपा का ‘बी टीम’ बनकर काम कर रहे हैं। उनका अभियान देखकर लगता है कि वह सिर्फ ‘इंडिया’ गठबंधन के खिलाफ लड़ना चाहते हैं।
यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता दल (यू) को सावधान रहना चाहिए, क्योंकि वोट चोरी के बाद भाजपा ‘पार्टी चोरी’ भी कर सकती है। यादव के अनुसार, बिहार में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का जमीन पर बहुत असर हुआ है और इससे महागठबंधन को इस चुनाव में शक्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा, राहुल गांधी को लेकर बिहार के युवाओं में उत्साह और उम्मीद है। उनके नजरिये के साथ लोग खड़े हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय का जो बीड़ा उठाया है, उसका असर बिहार में दिखता है। यादव ने कहा, बिहार ने हमेशा क्रांति और परिवर्तन की शुरुआत की है। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा अब पूरे देश में फैल रहा है।