'राष्ट्रीय राजनीति में नीतीश की वापसी से NDA को और मजबूती मिलेगी', बोले शाह

अब संसद के उच्च सदन के सदस्य के रूप में ‘महत्वपूर्ण योगदान’ देंगे
पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत करते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत करते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
Published on

नयी दिल्ली/पटना : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने पर बधाई दी और कहा कि राष्ट्रीय राजनीति में उनकी वापसी से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

शाह ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने को लेकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को भी बधाई दी और कहा कि राज्य में एक लंबी और सफल राजनीतिक यात्रा के बाद, अब वह संसद के उच्च सदन के सदस्य के रूप में ‘महत्वपूर्ण योगदान’ देंगे।

कुमार और नवीन NDA के उन 5 उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिन्होंने राज्यसभा चुनावों के लिए बृहस्पतिवार को अपना-अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने विधानसभा सचिव ख्याति सिंह के कार्यालय में शाह की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किए।

NDA के अन्य उम्मीदवार, जिन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया, उनमें भाजपा के प्रदेश महासचिव शिवेश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। शाह ने कुमार और नवीन के नामांकन दाखिल करने के बाद, दोनों को बधाई दी।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, नीतीश कुमार जी ने बिहार से, राज्यसभा चुनाव के लिए आज नामांकन भरा। बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा, जनसेवा का उनका व्यापक अनुभव तथा नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाएगी। उनकी गरिमामयी उपस्थिति से राजग के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को और भी मजबूती मिलेगी।

शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इसे ‘स्वर्णिम युग’ के रूप में याद रखा जाएगा। भाजपा ने शाह के हवाले से एक बयान में कहा, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में अपने पूरे राजनीतिक सफर में नीतीश कुमार ने एक बेदाग सार्वजनिक जीवन बनाये रखा है। भ्रष्टाचार के एक भी आरोप के बिना इतने लंबे राजनीतिक सफर को तय करना उनके सार्वजनिक जीवन के आचरण का प्रमाण है।

शाह ने कहा, उनके सार्वजनिक जीवन में सादगी, ईमानदारी और लोक सेवा के सर्वोच्च मूल्यों का निरंतर पालन झलकता रहा है, ये ऐसे सिद्धांत हैं जिनका उन्होंने स्वयं समर्थन किया और जिनका उन्होंने स्वयं पालन किया।

कुमार ने बिहार के हर गांव और घर तक बिजली पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में दिल्ली लौट रहे हैं और राजग के सभी सहयोगी राष्ट्रीय राजनीति में उनकी वापसी का हार्दिक स्वागत करते हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को बिहार की जनता हमेशा याद रखेगी और उस दौरान किये गए कार्यों के लिए उनका सम्मान करेगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in