मोतिहारी में 4.50 लाख में नवजात का सौदा, आशा कर्मी समेत चार गिरफ्तार

पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद किया, माता-पिता को मिले थे सिर्फ 1.50 लाख रुपये
Motihari
4.50 लाख में नवजात का सौदा
Published on

मोतिहारी : पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में नवजात की कथित खरीद-बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में नवजात के माता-पिता, कथित खरीदार और एक आशा कर्मी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आशा कर्मी ने कथित तौर पर बिचौलिये की भूमिका निभाते हुए बच्चे को खरीदने वाले परिवार से संपर्क कराया था। बताया जा रहा है कि नवजात के जन्म के बाद ही उसे बेचने की योजना बनाई गई थी ।

पूरी रकम नहीं मिलने पर खुला मामला

पुलिस जांच में सामने आया कि नवजात का सौदा कथित तौर पर 4.50 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि माता-पिता को इसमें से केवल 1.50 लाख रुपये दिए गए। रकम को लेकर विवाद के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल की गयी छापेमारी की कार्रवाई के दौरान 1.50 लाख रुपये नकद के साथ ही नवजात को बरामद किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति या बड़ा नेटवर्क भी शामिल है या नहीं।

आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और मानव तस्करी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in