बिहार में नये मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए NDA के घटक दलों में कवायद तेज

मंत्रिमंडल में BJP और JDU से 5 से 6 नये चेहरे
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से भेंट करते हुए सीएम नीतीश कुमार
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से भेंट करते हुए सीएम नीतीश कुमार
Published on: 

पटना : बिहार में नयी सरकार के गठन से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच मंत्रिमंडल में स्थान पाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) से 5 से 6 नये चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने की संभावना है।

महनार सीट से निर्वाचित JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नयी टीम में जगह मिलने की संभावना है। कुमार 19 नवंबर को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और इसके बाद 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

सूत्रों ने बताया कि JDU अपने अधिकांश मंत्रियों को बरकरार रख सकता है, जबकि BJP कुछ नये चेहरों को शामिल कर सकती है। पिछले मंत्रिमंडल के 25 मंत्रियों में से 24 ने इस बार चुनाव जीता, जबकि एकमात्र पराजित मंत्री सुमित कुमार सिंह इस बार अपनी सीट नहीं बचा सके।

सिंह 2020 में निर्दलीय जीते थे और बाद में JDU कोटे से मंत्री बने थे। JDU और BJP के अलावा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) भी नयी सरकार का हिस्सा होंगी।

सूत्रों के अनुसार, LJP (रामविलास) को 3, जबकि HAM और RLM को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है। BJP से अधिकतम 16 और JDU से 14 मंत्री, मुख्यमंत्री के साथ 20 नवंबर को शपथ ले सकते हैं।

JDU सूत्रों ने कहा कि पिछली बार उनके पास केवल 12 मंत्री थे। इस बार संख्या 2020 की तुलना में बढ़ी है, इसलिए नयी सरकार में उनका प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री के अलावा JDU के जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है, उनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, शीला मंडल, मदन सहनी, रत्नेश सदा, मोहम्मद जामा खान, जयंत राज, उमेश सिंह कुशवाहा और अशोक चौधरी शामिल हैं।

नये चेहरों में राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, कलाधर प्रसाद मंडल और पन्ना लाल सिंह पटेल के नामों पर विचार किया जा रहा है। BJP की तरफ से अधिकांश मौजूदा मंत्रियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है। पार्टी तीन से चार नये चेहरों को शामिल कर सकती है।

जिन मंत्रियों को दोबारा जगह दी जा सकती है उनमें सम्राट चौधरी, प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मिश्रा, रेनू देवी, जिबेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, जनक राम, हरि साहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, संतोष कुमार सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं जबकि नये चेहरों में राणा रणधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका को जगह मिल सकती है।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए ऐतिहासिक गांधी मैदान को 20 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है।

पटना जिला प्रशासन के अनुसार आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समारोह में शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राजग के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रह सकते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News