मुजफ्फरपुर : घर में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले, 5 अन्य झुलसे

आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक मकान में आग लग जाने से एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी कि मृतकों में ललन शाह, उनकी मां, पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। पांच घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक सुचित्रा कुमारी ने कहा, यह घटना मोतीपुर इलाके के वार्ड संख्या 13 में मध्यरात्रि के आसपास हुई। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी जिसने इमारत की तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के वक्त लोग सो रहे थे।

उन्होंने आगे कहा, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

शुरुआत में स्थानीय लोग आग की लपटें उठते देखकर और तेज चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लेकिन ज्यादा कुछ नहीं कर पाये। उन्होंने अग्निशमन नियंत्रण कक्ष और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News