मुजफ्फरपुर : नाबालिग यौन उत्पीड़न मामले में थाना प्रभारी सहित 3 पुलिस कर्मी निलंबित

कर्तव्य में लापरवाही का आरोप
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

मुजफ्प्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक थाना प्रभारी (एसएचओ) सहित 3 पुलिसकर्मियों को नाबालिग के यौन उत्पीड़न मामले में कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में बुधवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि निलंबित पुलिस कर्मियों में तुर्की पुलिस थाना के एसएचओ प्रमोद कुमार सिंह, मंजर आलम (उप निरीक्षक) और मोहम्मद फरीदी (सहायक उप निरीक्षक) शामिल हैं।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने बताया, तुर्की थाना क्षेत्र में 31 मई को एक नाबालिग लड़की के साथ हुए यौन उत्पीड़न मामले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई नहीं की और प्राथमिकी दर्ज करने में देरी की। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच के भी आदेश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि पीड़िता की मां प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाना पहुंची थी लेकिन इन तीन पुलिस कर्मियों ने उदासीनता बरती। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ने में विफल रही है। मुजफ्फरपुर पुलिस के सूत्रों ने बताया, घटना 31 मई को तुर्की थाना क्षेत्र में हुई। अगले दिन पीड़िता की मां थाने पहुंची, लेकिन प्राथमिकी दर्ज किए बिना ही पुलिस ने पीड़िता की मां के सामने ही आरोपी को थाने बुलाया और महिला थाने में शिकायत दर्ज कराने को कहा। महिला थाने ने जबतक प्राथमिकी दर्ज की गई तब तक आरोपी फरार हो गए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News