नवादा में सर्राफ से लूट, अपराधियों ने चलाई गोली

हाथ से बैग झपटा और फरार होने लगे चार अपराधी
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

नवादा : बिहार के नवादा में हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचू कचहरी मोहल्ला में अपराधियों ने सोना-चांदी के दुकानदार के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। लूट के बाद अपराधियों ने पीछा करने पर गोली भी चलाई, हालांकि गोली चलने से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पांचू कचहरी रोड निवासी प्रमोद वर्मा की सोना-चांदी की दुकान बस्ती बीघा में है। रोज की तरह सोमवार देर शाम 8.30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर हिसुआ स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उर्दू प्राथमिक विद्यालय, कचहरी रोड के पास पहले से घात लगाए चार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और उनके हाथ से बैग झपट कर फरार होने लगे।

बैग में करीब 9,000 रुपये नगद और दुकान की चाबियां रखी हुई थी। अपराधी बैग और चाबी लेकर भागने लगे। पीड़ित प्रमोद वर्मा ने अपराधियों का पीछा करने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं और बड़ा हादसा टल गया।

गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और सदर डीएसपी-2 राहुल कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि कचहरी मोहल्ला जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात से व्यवसायियों में डर है। स्वर्ण व्यवसायियों ने पुलिस से गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सांकेतिक तस्वीर
झारखंड में एसआईआर : हर बूथ पर मतदाता शिविर 10 अक्टूबर को
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in