

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग में सहायक नर्स दाई (ANM) के पद पर नियुक्त लगभग 5,000 महिलाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
राजधानी पटना में आयोजित समारोह में कुल 4,954 ANM को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय समेत मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
पांडेय ने कहा, स्वास्थ्य उपकेंद्रों की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 4,954 ANM बहनों की नियुक्ति आवश्यक थी। बिहार में अब कुल 14,600 स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य केंद्र हैं।
उन्होंने कहा, ये उपकेंद्र गांवों और पंचायतों में स्थित हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य अवसंरचना को बेहतर बनाने के सरकार के संकल्प को दर्शाते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले एक वर्ष में ही 20,000 कर्मियों की भर्ती की है। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के साथ-साथ रोजगार सृजन के सरकार के समग्र लक्ष्य को हासिल करने की प्रतिबद्धता भी झलकती है।
इस बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने उस 'सकारात्मक कार्य' को दरकिनार कर दिया है, जो उनके उपमुख्यमंत्री रहते हुए और स्वास्थ्य विभाग संभालने के दौरान 17 महीनों में किया गया था।
यादव ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें कथित तौर पर एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में एक बुजुर्ग महिला को व्हीलचेयर के अभाव में स्कूटर पर ले जाते हुए दिखाया गया है। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर 'दलालों और मेडिकल माफिया' से सांठगांठ का आरोप लगाया।