70 ब्राह्मणों पर SC-ST एक्ट में FIR दर्ज : हरिनगर गांव में हुई शांति समिति की बैठक

जातीय हिंसा से सुलगे हरिनगर गांव में पुलिस बल तैनात
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले के हरिनगर गांव में जातीय हिंसा की घटना के 5 दिन बाद प्रशासन ने शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।

बिरौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी और अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) शशांक राज के नेतृत्व में गुरुवार को शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने पर सहमति बनी।

तिवारी ने बताया कि जातीय तनाव को शांत करने के लिए घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्णय लिया गया है। वहीं, राज ने बताया कि गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर जातीय विद्वेष फैलाने वालों की भी पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है। तिवारी ने स्पष्ट किया कि पूरे गांव के एक समुदाय विशेष को आरोपी बनाए जाने की बात भ्रामक है और इसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव के मुखिया और सरपंच दोनों ब्राह्मण समुदाय से हैं, जिनमें मुखिया को आरोपी नहीं बनाया गया है जबकि सरपंच को नामजद किया गया है।

अधिकरी ने बताया कि लगभग तीन हजार ब्राह्मण आबादी वाले गांव में इस मामले में केवल 70 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है जबकि 100 से 150 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्राथमिकी में गांव से बाहर रहने वाले कुछ लोगों के नाम भी दर्ज किये गए हैं और ऐसे मामलों की जांच कर निर्दोष लोगों के नाम हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

अधिकारी ने बताया कि पीड़ित दलित समुदाय के लोग भी इस बात से सहमत हैं कि घटना से असंबद्ध लोगों के नाम प्राथमिकी में नहीं होने चाहिए। कुशेश्वरस्थान प्रखंड के हरिनगर गांव में 30 जनवरी की सुबह बकाया मजदूरी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में जातीय तनाव में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, मकान निर्माण की चार वर्ष से बकाया मजदूरी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। शांति समिति की बैठक में स्थानीय थानाध्यक्ष, विभिन्न समुदायों के ग्रामीणों और सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशासन ने जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है और एहतियातन प्रशासन की निगरानी जारी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in