पटना : बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने की मांग बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने की है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह प्रस्ताव रखा है। मंत्री के इस सुझाव के बाद बिहार की सियासत में बख्तियारपुर के नाम को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
डॉ. संतोष सुमन ने अपने पोस्ट में कहा है कि बख्तियारपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जन्मभूमि है। नीतीश कुमार ने राज्य की राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही उनके राजनीतिक संघर्ष और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण यादें भी बख्तियारपुर से जुड़ी रही हैं।
नीतीश के योगदान का दिया हवाला
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव के लिए लंबे समय तक काम किया। ऐसे में उनकी जन्मभूमि को उनके नाम से सम्मानित करना न केवल उनके योगदान का सम्मान होगा, बल्कि इस क्षेत्र के इतिहास और लोगों की भावनाओं को भी सम्मान मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जिस धरती ने बिहार को नीतीश कुमार जैसा जननेता दिया, उसकी पहचान भी उनके नाम से होनी चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा है।
अभी प्रस्ताव, सरकार के फैसले का इंतजार
संतोष सुमन ने अपने पोस्ट में उम्मीद जताई कि बख्तियारपुर को ‘नीतीशपुर’ नाम दिया जाना क्षेत्र के गौरव और उससे जुड़ी जनभावनाओं का सम्मान होगा। हालांकि, फिलहाल यह केवल मंत्री की ओर से रखा गया प्रस्ताव है।
नाम परिवर्तन को लेकर बिहार सरकार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक फैसला या घोषणा नहीं की गई है। अब देखना होगा कि सरकार इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाती है।