दरभंगा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आंबेडकर छात्रावास में प्रवेश करने से रोका गया

‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम के तहत छात्रों से बातचीत करने जा रहे थे
राहुल गांधी को प्रवेश करने से रोका
राहुल गांधी को प्रवेश करने से रोका-
Published on: 

दरभंगा : कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुलिस ने गुरुवार को दरभंगा में आंबेडकर छात्रावास जाते समय रोक लिया। राहुल का छात्रावास में छात्रों से बातचीत का कार्यक्रम था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जब आंबेडकर छात्रावास के बाहर पहुंचे तो उनके काफिले को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। उन्हें पार्टी के ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम के तहत छात्रों से बातचीत करनी थी। यह एक राज्यव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम है।

कांग्रेस की बिहार इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने सुरक्षाकर्मियों से आंबेडकर छात्रावास का मुख्य प्रवेश द्वार खोलने को कहा ताकि गांधी कार्यक्रम में शामिल हो सकें। प्रशासन ने बुधवार रात टाउन हॉल में ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी थी, जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने आंबेडकर छात्रावास में अनुमति नहीं दिए जाने पर आपत्ति जताई थी।

इससे पहले दिन में पार्टी नेताओं ने कहा था कि राहुल गांधी का दरभंगा शहर में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम पार्टी द्वारा चुने गए स्थल पर ही होगा, स्थानीय प्रशासन द्वारा सुझाए गए स्थान पर नहीं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभय दुबे ने कहा, दरभंगा में प्रशासन जद(यू)-भाजपा गठबंधन के इशारे पर काम कर रहा है। मधुबनी और समस्तीपुर के पड़ोसी जिलों से आने वाले सैकड़ों छात्रों को दरभंगा में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। लेकिन प्रशासन को यह समझना चाहिए कि राहुल गांधी को देश के वंचित वर्गों का असीमित समर्थन प्राप्त है।

दुबे ने दरभंगा प्रशासन के इस कथित दावे का भी मखौल उड़ाया कि अनुमति मांगते समय आयोजकों ने कभी यह स्पष्ट नहीं किया था कि वे आंबेडकर छात्रावास में कार्यक्रम आयोजित करना चाहते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News