

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल के लिए नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने मोदी को बिहार के विकास में तेजी लाने का श्रेय देते हुए उनके कार्यकाल के पिछले 12 वर्षों को ‘स्वर्णिम’ बताया।
चौधरी ने बुधवार को मोदी को लिखे पत्र में कहा, लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहकर आपने जनसेवा का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आपके 12 वर्षों के स्वर्णिम कार्यकाल में भारत के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ बिहार ने भी उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में बिहार ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, संपर्क व्यवस्था और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा, बिहार सरकार का बजट 3.47 लाख करोड़ रुपये का है, जिसमें से राज्य सरकार अपने संसाधनों से लगभग 75,000 करोड़ रुपये जुटाती है, जबकि शेष राशि केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी और अनुदान के रूप में प्राप्त होती है।
चौधरी ने पत्र में केंद्र की सहायता से बिहार में लागू की गई विभिन्न परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में घोषित 1.25 लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज से राज्य के विकास को मजबूती मिली, जिसके तहत सड़कों और पुलों पर बड़े पैमाने पर निवेश किया गया।
मुख्यमंत्री ने कोसी महासेतु के निर्माण, गंगा पर नए पुलों के निर्माण, वंदे भारत ट्रेन सहित रेल सेवाओं के विस्तार, पटना मेट्रो परियोजना की प्रगति तथा दरभंगा और पूर्णिया हवाई अड्डों के विकास को केंद्र की निरंतर सहायता का प्रमाण बताया।
उन्होंने पत्र में कहा, 1934 के भूकंप के बाद से मिथिलांचल दो हिस्सों मिथिला और कोसी में बंटा हुआ था। आपके नेतृत्व में कोसी महासेतु का निर्माण पूरा हुआ और यह क्षेत्र फिर से जुड़ सका। चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बिहार को पहली बार पांच एक्सप्रेसवे की सौगात मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने दरभंगा में दूसरे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना तथा राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थापित करने में सहयोग दिया है।
उन्होंने बागमती-बूढ़ी गंडक और कोसी-मेची नदी जोड़ परियोजनाओं सहित बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई संबंधी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में लगभग पांच करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिला है, जबकि करीब एक करोड़ किसान परिवार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सहायता प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राज्य के लगभग आठ करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। चौधरी ने बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए भी केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।