'राहुल की यात्रा से बैकफुट पर भाजपा, इसलिए ले रही हिंसा...', बोले सचिन पायलट

पीएम नरेन्द्र मोदी को लेकर अभ्रद भाषा का इस्तेमाल किया जाना निंदनीय
पटना में भाजपा -कांग्रेस नेताओं के बीच भिड़ंत
पटना में भाजपा -कांग्रेस नेताओं के बीच भिड़ंत-
Published on

गोपालगंज : कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने शुक्रवार को दावा किया कि राहुल गांधी द्वारा निकाली गई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को मिल रहे अपार जनसमर्थन से भाजपा बचाव की मुद्रा में आ गयी है, इसलिए वह हिंसा का सहारा ले रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर अभ्रद भाषा का इस्तेमाल किया जाना निंदनीय है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इसको बहाना बनाकर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय ‘सदाकत आश्रम’ पर पत्थर फेंकवाना उचित नहीं है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दरभंगा में प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के लिए अपशब्द बोले जाने की घटना के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम तक मार्च निकाला।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम के अंदर तोड़फोड़ की और उसके कार्यकर्ताओं पर हमला किया।

राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट ने कहा, किसी व्यक्ति ने अभद्र भाषा का का इस्तेमाल किया है तो वह गलत है। हम उसकी भर्त्सना करते हैं। इसका बहाना बनाकर हिंसा का सहारा लेना उचित नहीं है।

उन्होंने दावा किया, राहुल गांधी जी की यात्रा को जो जनसमर्थन मिल रहा है, उससे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, (राजग) विशेष रूप से भाजपा बैकफुट पर है। वे सहमे हुए हैं और अपनी भड़ास निकालने के लिए पत्थर फेंकवा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा पूरी मजबूती से चलेगी।

पायलट का कहना था, मुझे खुशी है कि बिहार से वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठी है। पूरे देश में लोग सवाल पूछ रहे हैं। जो संवैधानिक संस्था निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए जिम्मेदार है, आज वो संस्था संदेह के घेरे में है। राहुल गांधी ने पूरे प्रमाण के साथ सवाल पूछे हैं, लेकिन चुनाव आयोग जवाब नहीं दे रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखने के लिए वोटर अधिकार यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। पायलट ने कहा, हम सवाल निर्वाचन आयोग से पूछते हैं और जवाब भाजपा देती है। यह पहली बार देखा है। इस तरह की व्यवस्था लंबे समय तक नहीं चलने वाली है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोज झा ने कहा, अब यह यात्रा ‘जन यात्रा’ बन गई है। अगर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव भी चाहें कि इस लहर को यहीं रोक दें, तो यह लहर अब ठहर नहीं सकती। यह लहर बिहार के लोगों में फैल गई है। उन्होंने दावा किया, सबसे बुनियादी बात यह है कि लोग बदलाव चाहते हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in