बिहार : अवैध बालू खनन पर नकेल कसने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित

टास्क फोर्स का नेतृत्व EOU के DIG डॉ. मानवजीत सिंह ढिल्लो करेंगे
बालू खनन
बालू खनन
Published on: 

पटना : बिहार में बालू के अवैध खनन, बालू माफिया और भू-माफियाओं से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU)) ने एक विशेष कार्य बल (टास्क फोर्स) का गठन किया है। EOU की ओर से इस संबंध में एक विशेष निर्देश जारी किया गया है।

सूत्रों के अनुसार कार्य बल का नेतृत्व EOU के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) डॉ. मानवजीत सिंह ढिल्लो करेंगे। उनकी सहायता के लिए ईओयू के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक स्तर के चार अधिकारी और पुलिस निरीक्षक स्तर के पांच पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।

EOU के निर्देश के अनुसार यह दल बालू व भू-माफियाओं के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने के साथ विशेषज्ञ एजेंसियों, राज्य सरकार के संबंधित विभागों और विभिन्न जिलों के प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

उल्लेखनीय है कि विशेष कार्य बल का गठन इस उद्देश्य से किया गया है कि अवैध खनन से संबंधित मामलों में न केवल आपराधिक कार्रवाई हो, बल्कि अपराध से अर्जित परिसंपत्तियों की पहचान कर वित्तीय जांच भी प्रभावी तरीके से की जा सके।

हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्च स्तरीय बैठक में अवैध बालू खनन और भू-माफियाओं के विरुद्ध निर्णायक और प्रभावी कार्रवाई करने के लिए राज्य पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई को विस्तृत निर्देश दिए थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News