बिहार : पीएम मोदी ने सिवान में 5900 करोड़ से अधिक की 28 परियोजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

मरहोरा संयंत्र में निर्मित अत्याधुनिक लोकोमोटिव को भी हरी झंडी दिखाई
पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा
पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा-
Published on: 

सिवान : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के सिवान जिले में 5,900 करोड़ रुपये से अधिक की 28 विकास परियोजनाओं का शुक्रवार को उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मोदी ने 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित नयी वैशाली-देवरिया रेलवे लाइन परियोजना का उद्घाटन किया और इस मार्ग पर एक नयी ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। इसके अतिरिक्त, मोदी ने उत्तर बिहार में संपर्क सुविधा को बेहतर बनाने के लिए मुजफ्फरपुर और बेतिया के रास्ते पाटलिपुत्र और गोरखपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया - मेक फॉर द वर्ल्ड’ को आगे बढ़ाते हुए मरहोरा संयंत्र में निर्मित अत्याधुनिक लोकोमोटिव को भी हरी झंडी दिखाई। इस लोकोमोटिव को गिनी गणराज्य को निर्यात किया जाना है। यह लोकोमोटिव उच्च-हॉर्सपावर इंजन, उन्नत एसी प्रणोदन प्रणाली, ‘माइक्रोप्रोसेसर’-आधारित नियंत्रण प्रणाली एवं ‘एर्गोनोमिक कैब’ डिजाइन से लैस है और इसमें पुनर्योजी ब्रेक जैसी तकनीक शामिल हैं।

गंगा नदी के संरक्षण और कायाकल्प के लिए प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली नमामि गंगे परियोजना के तहत छह मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का उद्घाटन किया। उन्होंने बिहार के विभिन्न शहरों में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जलापूर्ति, स्वच्छता और एसटीपी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

क्षेत्र में बिजली संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार में 500 मेगावाट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) की आधारशिला रखी। मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, सिवान आदि समेत राज्य के 15 ग्रिड उपकेंद्रों पर बीईएसएस लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक उपकेंद्र में लगाई जाने वाली बैटरी की क्षमता 20 से 80 मेगावाट है।यह प्रणाली वितरण कंपनियों को महंगी दरों पर बिजली खरीदने से बचाएगी क्योंकि पहले से संग्रहीत बिजली को वापस ग्रिड में भेजा जाएगा।

मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के 53,600 से अधिक लाभार्थियों को पहली किस्त भी जारी की। उन्होंने पीएमएवाई-यू के 6,600 से अधिक तैयार मकानों के गृह प्रवेश समारोह के अवसर पर कुछ लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in