बिहार : ससुर ने ‘झूठी शान की खातिर’ दामाद की गोली मारकर कर दी हत्या

अंतर्जातीय विवाह के खिलाफ था आरोपी
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

दरभंगा : बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में एक ससुर ने ‘झूठी शान की खातिर’ अपने 25 वर्षीय दामाद की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि डीएमसीएच के द्वितीय वर्ष के नर्सिंग के छात्र राहुल कुमार (25) की मंगलवार शाम को उसके ससुर प्रेमशंकर झा ने नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी।

राहुल के सहपाठियों ने जल्द ही झा को पकड़ लिया और उसकी इतनी पिटाई की कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। झा की हालत गंभीर होने पर उसे पटना के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

सुपौल निवासी राहुल ने अप्रैल में झा की बेटी से शादी की थी। वह भी डीएमसीएच में है। झा इस अंतर्जातीय विवाह के खिलाफ था और ऐसा संदेह है कि इसी कारण उसने राहुल की हत्या की।

पुलिस ने बताया कि राहुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के मद्देनजर नर्सिंग के छात्रों ने विरोध जताते हुए अस्पताल के आपातकालीन कक्ष के मुख्य द्वार को अवरुद्ध कर दिया, जिससे चिकित्सा सेवाएं बाधित हुईं।

पुलिस ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ‘हल्का बल’ प्रयोग किया। अस्पताल में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News