सिलेंडर में गैस की जगह छिपा था शराब का तहखाना

127 बोतलों के साथ तस्कर गिरफ्तार
Gopalganj
सिलेंडर में गैस की जगह शराब
Published on: 

गोपालगंज: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। गोपालगंज में पुलिस ने जांच के दौरान शराब तस्करी के ऐसे ही एक मामले का खुलासा किया है। तस्कर ने गैस सिलेंडर के भीतर गुप्त तहखाना बनाकर उसमें शराब की बोतलें छिपा रखी थीं। पुलिस ने बाइक समेत आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

चादर से ढककर ले जा रहा था सिलेंडर

मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के कर्म टोला फुलवरिया के पास का है। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम शराब के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर लदे सिलेंडर को चादर से ढका गया था। शक होने पर पुलिस ने बाइक रोककर सिलेंडर की जांच की। सिलेंडर खोलने पर उसके अंदर गुप्त तहखाना मिला, जिसमें शराब की बोतलें छिपाई गई थीं। पुलिस ने 200 एमएल की 127 पीस बंटी-बबली शराब बरामद की।

तस्कर से पूछताछ, नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in