बंगाल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

हाथी दांत तस्करी के आरोप में 2 गिरफ्तार
बंगाल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

अलीपुरदुआर : जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ जलदापाड़ा वन्यजीव प्रभाग को बड़ी सफलता मिली है। जलदापाड़ा नेशनल पार्क के कोदालबस्ती रेंज की टीम ने अवैध रूप से हाथी दांत रखने और उसकी तस्करी करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अलीपुरदुआर जिले के नेशनल हाईवे 31 पर बनिया ब्रिज के समीप की गई। पता चला कि गुप्त सूचना के आधार पर रेंज अधिकारी संदीप दास के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीपुरदुआर जिले के हातीपोता निवासी याकूब एक्का और तुरतुरी चाय बागान के निवासी अजय रौतिया के रूप में हुई है। वन विभाग की तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से हाथी दांत के दो टुकड़े बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 1.64 किलोग्राम बताया गया है। जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। उल्लेखनीय है कि हाथी भारतीय वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत अनुसूची 1 में सूचीबद्ध प्रजाति है, जिसे सर्वोच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है। वाइल्डलाइफ प्रोटक्शन एक्ट 1972 के तहत हाथी या उसके अंगों का शिकार, व्यापार या अवैध कब्जा गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को अलीपुरदुआर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। जलदापाड़ा वन्यजीव प्रभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव अपराध पर बड़ी चोट माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in