
नदिया: देशभर में बीते दिन शनिवार को अंतिम चरण के साथ मतदान खत्म हो चुका है, लेकिन चुनावी हिंसा समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। चुनावी हिंसा के लिए बदनाम पश्चिम बंगाल में एकबार फिर एक व्यक्ति को जान गंवानी पड़ी। दरअसल, नदिया जिले के कालीगंज इलाके में BJP कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। हत्या की वजह से इलाके में लोग सदम में हैं। BJP कार्यकर्ता की पहचान हाफिजुर शेख के तौर पर हुई है, जिस पर शनिवार (1 जून) कैरम खेलते वक्त हमला हुआ। हमलावरों ने पहले उसे गोली मारी और फिर चाकू से घोंपकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। इन हमलों में नदिया में पुलिस प्रशासन की नाकामी पर सवाल खड़ा कर दिया है।
हालांकि, अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि BJP कार्यकर्ता पर किसने हमला किया है। ये पहला मौका नहीं है, जब बंगाल में इस तरह की कोई घटना सामने आई है। लोकसभा चुनाव के दौरान बंगाल भर से ऐसी खबरें सामने आती रही हैं, जहां किसी न किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की हत्या हुई है। कई जगहों पर बमबाजी की भी जानकारी सामने आई। चुनाव के दौरान हिंसा एक प्रमुख मुद्दा रहा है, जिस पर BJP ने सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी TMC को खूब घेरा।
चुनाव आयोग को मिली ढाई हजार से ज्यादा शिकायतें
पश्चिम बंगाल में शनिवार को 9 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुआ, जिसमें दम-दम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, माथुरपुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर शामिल थीं। चुनाव आयोग ने बताया कि राजनीतिक पार्टियों की तरफ से 2500 से ज्यादा शिकायतें मिलीं, जिसमें EVM में गड़बड़ी, पोलिंग बूथ पर एजेंट्स को जाने से रोका जाना और वोटर्स को धमकाना शामिल था। BJP ने आरोप लगाया कि TMC के समर्थक देने वाले आम लोगों को धमका रहे हैं।
बंगाल को लेकर एग्जिट पोल क्या बता रहे?
एग्जिट पोल को लेकर सबके अपने-अपने दावे हैं। इसी क्रम में ABP- C वोटर एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में इस बार BJP को बड़ी जीत मिलने वाली है। पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा सीटें हैं, जिसमें से 23 से 27 सीटें BJP के खाते में जा सकती हैं। इंडिया गठबंधन को यहां पर 13 से 17 सीटें मिल सकती हैं। TMC इंडिया गठबंधन का ही हिस्सा है, मगर राज्य में पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ा था। कांग्रेस और वाम मोर्चा भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं।