डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए अतिरिक्त 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी राज्य सरकार

एलटीएम को आश्वासन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) समूह का हिस्सा एलटीएम को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए कंपनी को अतिरिक्त 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने करीब दो महीने पहले सरकार को पत्र लिखकर जमीन की मांग की थी। एलटीएम के आनंद निकेतन आईटी कैंपस के पहले चरण में करीब आठ लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली दो इमारतें शामिल हैं। इनमें लगभग 5,800 इंजीनियरों और पेशेवरों के बैठने की क्षमता है। एल एंड टी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रह्मण्यन और उनकी टीम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार कंपनी के विस्तार और राज्य में भविष्य के निवेश के लिए हर संभव सहयोग देगी।उन्होंने कहा, ‘‘एलटीएम एक बहुत अच्छी और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कंपनी है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि यह समूह बार-बार यहां आएगा और अधिक निवेश करेगा। हम आपकी टीम के साथ सहयोग करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि सरकार विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा, चिप डिजाइन, ऑटोमेशन और डिजिटल विनिर्माण जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। शुभेंदु अधिकारी ने युवाओं के वास्ते रोजगार पैदा करने के लिए शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच साझेदारी की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार छोटे कारोबारियों के लिए ऋण और अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in