सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को रामकृष्ण मठ और मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ का दौरा किया और मठ के संतों के साथ कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। शुभेंदु अधिकारी ने इस दौरान रामकृष्ण मठ और मिशन के महासचिव से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने मठ के संतों के साथ कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मठ के इस पवित्र वातावरण में पूजनीय संतों के सान्निध्य में रहना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उनका आशीर्वाद और प्रेरणा आगे की मेरी यात्रा में मेरा मार्गदर्शन करेंगे।’’ हालांकि, चर्चा के विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि मुझे बेलूर मठ में रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के महासचिव परम पूज्य श्रीमत स्वामी सुबीरानंद महाराज के चरणों में नमन करने और ‘बिजया’ के अवसर पर उनका आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।