

रिसड़ा : पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की हुगली शाखा की ओर से रविवार को रिसड़ा स्थित देवतिया बैंक्वेट हॉल में दीपावली प्रीति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के बड़ी संख्या में लोगों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अखिल भारतीय मोहनोत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप महनोत ने किया I उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक सौहार्द, आपसी सद्भाव और एकजुटता के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विश्वनाथ खरकिया ने समाजबंधुओं को आश्वस्त किया कि रिसड़ा शाखा को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे तथा शाखा के साथ खड़े रहेंगे। वहीं, अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री केदार नाथ गुप्ता ने संगठन की महत्ता को रेखांकित करते हुए समाजहित में संगठित रहने का संदेश दिया।
इस क्रम में वरिष्ठ पत्रकार संजय हरलालका ने समाज में बढ़ते प्री-वेडिंग शूट कल्चर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे गंभीर सामाजिक विषय बताते हुए समाज के लोगों से इस पर गंभीरता से विचार करने तथा पारिवारिक एवं सांस्कृतिक मर्यादाओं के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
दीपावली प्रीति सम्मेलन में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त मंत्री पवन बंसल, हुगली शाखा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रवाल, समाजसेवी अशोक देवतिया , देव किशन करनानी, महेश सोमानी, विनोद बियानी, अशोक पुरोहित सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित कपल प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसका संचालन कविता बियानी ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी जोड़ों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके साथ ही आयोजित लकी ड्रॉ में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों और चांदी के सिक्के प्रदान किए गए।
दीपावली के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक एकजुटता और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर वातावरण देखने को मिला। मंच का संचालन प्रमोद जैन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश देवतिया, अनुज डागा एवं कोषाध्यक्ष पूर्णमल अग्रवाल, रवि शर्मा सहित संस्था से जुड़े अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।