

गान्तोक : सिक्किम में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके चलते राज्य के विभिन्न ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित पूर्वी सिक्किम के नाथुला दर्रे में भारी हिमपात हुआ। इसके साथ ही छांगु झील, बाबा मंदिर और कुपुप गांव भी बर्फबारी से प्रभावित हुए। इन क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, जिससे पूरा इलाका शीतकालीन नजारे में तब्दील हो गया।
इसी तरह उत्तर सिक्किम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों युमथांग घाटी और गुरुडोंगमार झील के आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हिमपात के कारण तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला। राजधानी गान्तोक सहित दक्षिण और पश्चिम सिक्किम के विभिन्न स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में ओले गिरने से मौसम और अधिक ठंडा हो गया।
११ नवम्बर को हुई इस व्यापक मौसमी गतिविधि ने सिक्किम के पहाड़ी इलाकों को बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया है। विशेष रूप से नाथुला, छांगु झील, बाबा मंदिर, कुपुप, युमथांग और गुरुडोंगमार में हुई बर्फबारी से राज्य में सर्दियों के आगमन का एहसास और गहरा हो गया है।