राइटर्स बिल्डिंग के मरम्मत कार्य में तेजी

राइटर्स बिल्डिंग के मरम्मत कार्य में तेजी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य सरकार तेजी से राइटर्स बिल्डिंग में मरम्मत का काम कर रही है। यह बिल्डिंग कई दशकों से वर्ष 2013 तक राज्य की सत्ता का केंद्र रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मुख्यमंत्री और पांच अन्य मंत्रियों के ऑफिस 10 अक्टूबर से पहले तैयार होने की उम्मीद है।

पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी ने बताया कि इन ऑफिस में मंत्री दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, शंकर घोष और डॉ. शारद्वत मुखर्जी के ऑफिस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य इंजीनियरिंग मंत्री अजय पोद्दार ने हाल ही में अधिकारियों के साथ बैठक करके राइटर्स बिल्डिंग में मरम्मत कार्य की प्रगति की समीक्षा की और उन्हें बचा हुआ काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

अधिकारी ने कहा कि पूरी राइटर्स बिल्डिंग की बाकी मरम्मत का कुछ काम अडानी समूह को सौंपने का भी प्रस्ताव है, हालांकि इस बारे में अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल के दौरान 2013 में प्रशासनिक ऑफिस को राइटर्स बिल्डिंग से नवान्न में स्थानांतरित कर दिया गया था, क्योंकि ब्रिटिश-युग की इस इमारत में बड़े पैमाने पर मरम्मत की जरूरत थी। राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद, पार्टी ने साफ कर दिया था कि वह चाहती है कि प्रशासन राइटर्स बिल्डिंग से काम करे। हालांकि, मरम्मत का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, इसलिए सीएम और अन्य मंत्री नवान्न से ही काम कर रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in