सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : SIR प्रक्रिया के तहत फॉर्म जमा करने का अंतिम चरण चल रहा है और 4 दिसंबर तक फॉर्म जमा होंगे। ऐसे में अब काउंट डाउन शुरू हो चुका है। विभिन्न बूथों पर अभी लोग अपना या अपने परिवार का फॉर्म जमा करने पहुंच रहे है। राजभवन के सामने बूथ (पार्ट नंबर 38) पर राजभवन के कर्मचारियों के साथ–साथ हाईकोर्ट क्षेत्र और आसपास इलाके के लोग भी फॉर्म जमा कर रहे हैं। बीएलओ मिंटू भट्टाचार्य के अनुसार लोगों की प्रतिक्रिया सकारात्मक है और किसी तरह की समस्या नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि पूरी कोशिश है कि वह अच्छे से इस प्रक्रिया को पूरा कर लेंगे।
कर्मचारियों ने कहा, SIR फॉर्म जमा करना रहा आसान
राजभवन में काम करने वाले एक कर्मचारी संत कुमार लाल ने कहा कि उन्होंने अपना अपनी मां, पत्नी, भाई सभी का फॉर्म जमा कर दिया है और किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। 2002 की तालिका में उनका नाम था। एक अन्य कर्मचारी सुबोध सिंह ने कहा कि उन्होंने अपना, पत्नी और भाई का एक साथ फॉर्म जमा किया। कई तरह की समस्याओं की खबरें को दरकिनार करते हुए कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। सुबोध सिंह ने कहा, “हम लोग पूरी तरह जेन्युइन हैं, ऐसे में डरने की कोई बात ही नहीं है।”
वहीं एक और कर्मचारी रोहित बाल्मिकी ने कहा कि उनका नाम 2002 की तालिका में नहीं था मगर उनके दादा का था। राजभवन अधिकारियों के अनुसार फॉर्म जमा करने की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।