

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : घाटाल से सांसद और अभिनेता दीपक अधिकारी उर्फ देव के कोलकाता स्थित घर पर गणेश पूजा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार पहुंचे। उनके साथ भाजपा के दक्षिण कोलकाता संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष अनुपम भट्टाचार्य और प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य अनिल विश्वास समेत कई अन्य नेता भी मौजूद थे। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का उनके घर जाना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, सुकांत मजुमदार ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इस मुलाकात में राजनीति नहीं खोजी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देव के साथ उनके संबंध काफी पुराने हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि जब देव उनकी लोकसभा सीट में तृणमूल के स्टार प्रचारक के तौर पर आए थे, तब मंच से ही देव ने दोनों के अच्छे संबंधों की बात स्वीकार की थी और कहा था कि अच्छा उम्मीदवार ही चुनाव जीतेगा। सुकांत ने कहा कि देव की यह उदार सोच उन्हें पसंद आई थी। फिलहाल दोनों नेताओं की मुलाकात को सुकांत मजुमदार व्यक्तिगत संबंध और शिष्टाचार की मुलाकात बता रहे हैं, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे कई संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।