
हुगली : कोन्नगर कन्हाईपुर में बिस्कुट का लालच देकर दिव्यांग किशोरी को घर से बुलाकर दुष्कर्म और हत्या के अभियुक्त असीम मजुमदार को कन्हाईपुर में लाकर पुलिस ने घटना का पुनर्निर्माण किया। गत 2 जून को अभियुक्त असीम को श्रीरामपुर पॉक्सो कोर्ट में उसे पेश किया गया था। अभियुक्त को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। जानकारी के अनुसार अभियुक्त साइकिल लेकर किशाेरी को घर से कन्हाईपुर पुलिस फांड़ी होते हुए नोआपाड़ा ले गया। रास्ते में बिस्कुट की दुकान से बिस्कुट खरीदा और किशोरी को दिया। उसके बाद बांस बागान में दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। बता दें कि गत 27 मई, बसाई कॉलोनी के घर से 13 वर्षीय किशाेरी को ले गया। दो दिन बाद घर से दो किमी की दूरी से उसका शव बरामद किया गया। इससे पहले, पुलिस ने खोजी (स्निफर) कुत्ते को लेकर तलाशी की। शव बरामद होने के कुछ घंटों बाद डानकुुनी के खरियाल से असीम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू हुई। किशाेरी के परिवार और स्थानीय लोगों ने अभियुक्त के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
घटना के बाद, भाजपा के राज्य अध्यक्ष सुकांत मजुमदार, सांसद कल्याण बनर्जी, परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती, जिला सीपीआईएम नेता और राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य अर्चना मजुमदार मृत किशोरी के परिवार से मुलाकात की और घटना के लिए कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अभियुक्त को फिर 12 जून को श्रीरामपुर के पॉक्सो कोर्ट में पेश किया जाएगा।