हावड़ा स्टेशन पर 44 लाख रुपये के साथ यात्री हिरासत में

सोना खरीदने के लिए नकदी लाने का दावा
Howrah
44 लाख रुपये के साथ यात्री हिरासत में
Published on: 

हावड़ा : हावड़ा स्टेशन पर एक बार फिर बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शिप्रा एक्सप्रेस से कोलकाता पहुंचे एक यात्री के बैग से 44 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम के संबंध में यात्री कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी गई।

शिप्रा एक्सप्रेस से उतरते ही RPF को हुआ शक

घटना गुरुवार को हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 17 पर हुई। डाउन शिप्रा एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी रोहित सिंह की गतिविधियां RPF के खुफिया अधिकारियों को संदिग्ध लगीं।

इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान रोहित सिंह इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई ठोस दस्तावेज नहीं दिखा सका।

सोना खरीदने के लिए नकदी लाने का दावा

RPF की पूछताछ में रोहित सिंह ने दावा किया कि वह कोलकाता में सोना खरीदने के लिए 44 लाख रुपये लेकर आया था। हालांकि, इस दावे के समर्थन में वह कोई वैध वित्तीय या कानूनी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने के बाद RPF ने नकदी को जब्त कर लिया और यात्री को हिरासत में ले लिया।

आयकर विभाग ने शुरू की जांच

मामले की सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम हावड़ा स्टेशन पहुंची। RPF ने बरामद 44 लाख रुपये और यात्री रोहित सिंह को आयकर अधिकारियों के हवाले कर दिया। अब आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी रकम का वास्तविक स्रोत क्या है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रकम किसी अवैध लेनदेन से जुड़ी है या नहीं।

हावड़ा स्टेशन पर बढ़ाई गई निगरानी

हावड़ा स्टेशन पर बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले सितंबर के अंत में महाराष्ट्र निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब 67 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। वहीं, वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री के पास से 21 लाख रुपये नकद और सोना मिलने का मामला भी सामने आया था।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने हावड़ा स्टेशन तथा रेल यात्रियों के सामान की जांच और निगरानी बढ़ा दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in