बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर 40 घंटे तक भक्तिरस में सराबोर रहा घुसुड़ीधाम मंदिर

खराब मौसम और जलमग्न सड़कों के बावजूद उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु, हाथों में निशान लेकर पहुंचे भक्तों ने बाबा के दरबार में लगाई हाजिरी
Howrah
श्री श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम
Published on: 

हावड़ा : खाटूधाम के बाद देश-विदेश में बाबा श्याम के श्रद्धालुओं के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल श्री श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम में बाबा श्याम का जन्मोत्सव पूरे उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्तिक शुक्ल एकादशी और द्वादशी (20 एवं 21 नवंबर) के अवसर पर मंदिर परिसर लगातार करीब 40 घंटे तक श्याम भक्ति में डूबा रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं के साथ निशान अर्पित किए।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और सड़कों की बदहाल स्थिति भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। कई स्थानों पर जलभराव और खराब सड़कों के बावजूद सैकड़ों भक्त हाथों में बाबा श्याम के प्रिय निशान लेकर पैदल ही घुसुड़ीधाम पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

बारस धोक और सवामणी के लिए उमड़े श्रद्धालु

जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही मंदिर में बारस धोक लगाने और बाबा को सवामणी का भोग अर्पित करने के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। मंदिर के पट मंगल होने तक भक्तों ने दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिर प्रबंधन ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार

दो दिवसीय धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंदिर के प्रबंध न्यासी बिनोद टिबड़ेवाल ने आयोजन के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस, सभी सहयोगियों और घुसुड़ीधाम परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम और रास्तों की परेशानियों के बावजूद भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति बाबा श्याम के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा को दर्शाती है। जन्मोत्सव के दौरान पूरा घुसुड़ीधाम श्याम नाम के जयकारों और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News