अभिषेक बनर्जी के घर नोटिस पर अग्निमित्रा ने कहा- कानून से ऊपर कोई नहीं

सुकांत मजुमदार ने कहा- राज्य में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं
अग्निमित्रा पाल
अग्निमित्रा पाल
Published on

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम की ओर से अभिषेक बनर्जी के घर पर नोटिस भेजे जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। राज्य सरकार का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान बिना किसी भेदभाव के चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि तृणमूल नेताओं और उनसे जुड़े लोगों की पहचान हो चुकी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर जहां-जहां अवैध निर्माण पाए जा रहे हैं, वहां नोटिस भेजी जा रही हैं। अग्निमित्रा पाल ने अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग पहले कार के बोनट पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते थे, आज उन्हीं पर अवैध निर्माण के आरोप लग रहे हैं। ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ के नाम पर जिन संपत्तियों से संबंध नहीं होने की बात कही जाती थी, वही घर उनके परिवार के नाम पर हैं। कानून से ऊपर कोई नहीं है। इसलिए नोटिस भेजी गयी है। अब उन्हें संबंधित प्लान और दस्तावेज पेश करने होंगे, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।” वहीं, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि राज्य में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तय प्लान और नियमों के खिलाफ कोई भी निर्माण कार्य करना उचित नहीं है। सुकांत मजुमदार ने आगे कहा कि स्वाभाविक रूप से जिस मकान के मालिक अभिषेक बनर्जी या उनके परिवार का कोई सदस्य होगा, यदि उस मकान में किसी प्रकार का अवैध निर्माण पाया जाता है, तो नोटिस उसी के नाम पर भेजी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों का पालन हर किसी को करना होगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in