अब बुद्धदेव के नाम पर सड़क, विधानसभा में तस्वीर लगाने की उठी मांग
कोलकाता : दिवंगत कांग्रेस नेता प्रियरंजन दासमुंशी के नाम पर दक्षिण कोलकाता की सड़क का नामकरण करने के प्रस्ताव के बीच अब माकपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के सम्मान का मुद्दा उठाया है। पार्टी ने उनके नाम पर सड़क का नामकरण करने के साथ विधानसभा की लॉबी में उनकी तस्वीर लगाने की मांग की है।मुर्शिदाबाद के डोमकल से माकपा विधायक मुस्तफिजुर रहमान (राणा) ने शुक्रवार को ‘सन्मार्ग’ को बताया कि बुद्धदेव भट्टाचार्य के नाम पर सड़क का नामकरण की मांग लंबे समय से लंबित है। विधानसभा में आने के बाद उन्होंने अध्यक्ष रथींद्र बोस को पत्र लिखकर लॉबी में पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर लगाने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक इस पर निर्णय नहीं हुआ। रहमान ने सवाल उठाया कि विधानसभा की लॉबी में पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की आदमकद तस्वीर लगी है, तो फिर बुद्धदेव की तस्वीर क्यों नहीं? उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह मुख्यमंत्री कार्यालय और कोलकाता नगर निगम को सड़क के नामकरण के लिए आधिकारिक पत्र भेजेंगे। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष को स्मार-पत्र भी देंगे। माकपा की इस पहल को बुद्धदेव के प्रशासनिक योगदान और वामपंथी शासन की राजनीतिक विरासत को सार्वजनिक विमर्श में फिर से स्थापित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

