

सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : बंगाल की धार्मिक परंपराओं में कई ऐसी अनूठी रस्में हैं, जो पीढ़ियों से चली आ रही हैं। ऐसी ही एक परंपरा भद्रेश्वर के तेंतुलतला जगद्धात्री बारोवारी में देखने को मिलती है, जहां पुरुष महिलाओं का रूप धारण कर मां जगद्धात्री का वरण करते हैं। करीब 234 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत 11 पुरुष साड़ी पहनकर, सिर पर घूंघट डालकर और माथे पर सिंदूर लगाकर देवी की विदाई की रस्म पूरी करते हैं। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
अंग्रेजों के शासनकाल से जुड़ी है परंपरा
स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, अंग्रेजों के शासनकाल में भद्रेश्वर के गौरहाटी इलाके में अंग्रेज सैनिकों की छावनी थी। असुरक्षा और सामाजिक परिस्थितियों के कारण महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलती थीं। ऐसे में पूजा के सभी अनुष्ठान पुरुष ही करते थे। देवी के वरण के लिए भी पुरुष महिलाओं का वेश धारण करते थे। धीरे-धीरे यह परंपरा धार्मिक आयोजन का अभिन्न हिस्सा बन गई।
दाताराम सुर ने शुरू की थी पूजा
कहा जाता है कि कृष्णनगर के राजा कृष्णचंद्र के दीवान दाताराम सुर ने उनकी अनुमति से गौरहाटी में जगद्धात्री पूजा शुरू की थी, जो बाद में तेंतुलतला बारोवारी पहुंची। यहां देवी को बूढ़ी मां के नाम से भी जाना जाता है। इस वर्ष प्राकृतिक आपदा के कारण दशमी के बजाय दो दिन बाद रविवार को वरण किया गया। चंदननगर की रानी मां और चावलपट्टी की आदि मां के वरण में भी पुरुष ही यह परंपरा निभाते हैं।