

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री तथा तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी का नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देना राज्य में विपक्ष की राजनीति में नए समीकरण बनने का संकेत हो सकता है। पर्यवेक्षकों का मानना है कि जब तृणमूल कांग्रेस अपने सबसे गंभीर संगठनात्मक संकट से जूझ रही है, तब ऐसे समय में यह कदम राज्य में विपक्ष की राजनीति में बहुत मायने रखता है। बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने का फैसला ऐसे समय में किया जब उनके धड़े की उम्मीदवार संचिता प्रधान दे ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से कोलकाता में मुलाकात के बाद उपचुनाव से अपना नाम वापस ले लिया। उपचुनाव छह अक्टूबर को होना है। ममता बनर्जी ने 18 सितंबर को प्रधान को समर्थन देने की घोषणा करते हुए कांग्रेस को ‘‘सहयोगी दल’’ और ‘‘स्वाभाविक सहयोगी’’ बताया था। उन्होंने कहा था कि यह फैसला देश के व्यापक हित और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन को मजबूत करने के लिए लिया गया है।
ममता बनर्जी ने यह भी कहा था कि वह विपक्षी गठबंधन के भविष्य को लेकर बंगाल से एक संदेश देना चाहती हैं। हालांकि, यह कदम जिस समय उठाया गया है, उसके स्पष्ट रणनीतिक मायने हैं। बनर्जी के खेमे ने शुरुआत में नंदीग्राम से अपना उम्मीदवार उतारा था और उम्मीदवार के चुनाव मैदान से हटने के बाद उसने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। पर्यवेक्षकों का कहना है कि कांग्रेस को उनका समर्थन देना भाजपा विरोधी मतों को बंटने से रोकने की कोशिश होने के साथ ही उनके खेमे के लिए असामान्य रूप से मुश्किल दौर का राजनीतिक जवाब भी है। ममता बनर्जी की घोषणा के कुछ ही समय बाद प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने से इस घटनाक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।
पर्यवेक्षकों का कहना है कि ममता बनर्जी का हालिया कदम उपचुनाव के सामान्य राजनीतिक गणित से कहीं अधिक महत्व रखता है। यह एक असामान्य मौका है जब उन्होंने बंगाल में भाजपा विरोधी चुनावी रणनीति के केंद्र में सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को जगह दी है।
अधीर ने दोनों दलों के बीच राजनीतिक नजदीकी को नहीं दी तवज्जो
अधीर रंजन चौधरी ने दोनों दलों के बीच तत्काल राजनीतिक नजदीकी की किसी संभावना को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने दोनों दलों के बीच तत्काल राजनीतिक नजदीकी की किसी संभावना को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। ममता बनर्जी के कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि वह कांग्रेस को ‘‘गिरे हुए पत्ते की तरह कमजोर न समझें, बल्कि उसे बरगद की तरह मजबूत मानकर उसका साथ दें।’’ चौधरी ने कहा, ‘‘समर्थन कब दिया गया है, इस पर गौर किया जाना चाहिए। यह तब दिया गया जब उनकी उम्मीदवार चुनाव मैदान से हट गईं। अब उनके पास ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न है, लेकिन उनका खेल खेलने के लिए कोई खिलाड़ी नहीं बचा है।’’