लॉ छात्रा को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में वकील गिरफ्तार

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : काकद्वीप में एक 21 वर्षीय लॉ छात्रा की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्रा को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर उकसाने के आरोप में फरार चल रहे वकील शेख मनोवर आलम को पुलिस ने बुधवार को हैदराबाद (तेलंगाना) से गिरफ्तार कर लिया। मनोवर आलम काकद्वीप कोर्ट में वकालत करते हैं और मृतका सोनिया हालदार उनके चैंबर में इंटर्नशिप एवं प्रैक्टिस के लिए नियमित रूप से आती थीं। काकद्वीप स्थित वकील के चैंबर में सोनिया हालदार का शव पंखे से लटका हुआ मिला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोनिया काकद्वीप के गांधीनगर इलाके की रहने वाली थीं और कोलकाता के एक निजी लॉ कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं। मृतका के परिजनों ने वकील शेख मनोवर आलम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके और सोनिया के बीच काफी समय से नजदीकी संबंध थे। परिजनों का दावा है कि संबंधों में खटास आने और मानसिक प्रताड़ना के कारण सोनिया ने यह अत्यधिक कदम उठाया। परिजनों की लिखित शिकायत पर काकद्वीप थाने में आत्महत्या के लिए उकसावा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी वकील फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया और सभी हवाई अड्डों व रेलवे स्टेशनों को सतर्क कर दिया था। गुप्त सूचना मिलने पर काकद्वीप पुलिस की एक विशेष टीम हैदराबाद रवाना हुई और लंबी निगरानी के बाद बुधवार को उसे दबोच लिया। सुंदरवन पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी।” पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनिया के बैग से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें वकील के साथ उसके संबंधों और मानसिक तनाव का जिक्र है। हालांकि पुलिस अभी नोट की हैंडराइटिंग व अन्य तकनीकी जांच करा रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in