

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 11वीं के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो सहपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृत छात्र की पहचान 17 वर्षीय फैयाज शेख के रूप में हुई है। वह कृष्णचंद्रपुर हाई स्कूल का छात्र था। घायल छात्रों के नाम मतीन शेख (17) और रोहन शेख (17) बताए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सेमेस्टर- II की अंग्रेजी परीक्षा समाप्त होने के बाद तीनों छात्र एक स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी स्कूटी की टक्कर ईंट से लदे एक मोटर वाहन से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए घायलों को मथुरापुर ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डायमंड हार्बर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान फैयाज शेख ने दम तोड़ दिया। अन्य दोनों छात्र आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। कृष्णचंद्रपुर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को सांत्वना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।