

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया गया है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि आगामी 1 जून से राज्य की सभी सरकारी बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। इसी मुद्दे पर पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा देने का वादा किया था और अब सरकार उसी दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल मुफ्त यात्रा की घोषणा काफी नहीं है, बल्कि बसों की संख्या को बढ़ाना भी जरूरी है। दिलीप घोष ने कहा कि सरकार 5,000 नयी बसें खरीदेगी, जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी। अगर बसें ही पर्याप्त संख्या में नहीं होंगी, तो मुफ्त सेवा का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। पिछली सरकार के दौरान परिवहन व्यवस्था कमजोर हुई और कई बसें सड़कों से गायब हो गईं। इसलिए अब बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि महिलाओं को वास्तव में इसका लाभ मिल सके।
गाय को लेकर फिर चर्चा में आये दिलीप घोष
इस बीच दिलीप घोष एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गये। मंगलवार को कांकुड़गाछी में आयोजित चाय पर चर्चा में उन्होंने गाय माता के फायदे गिनाते हुए कहा कि गाय की पीठ पर हाथ फेरने से ब्लड प्रेशर कम होता है। उन्होंने दावा किया कि गाय के संपर्क में रहने से मानसिक शांति मिलती है और रक्तचाप तेजी से नियंत्रित होता है। गौरतलब है कि इससे पहले भी वह गाय को लेकर कई विवादित बयान दे चुके हैं। वर्ष 2019 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कहा था कि गाय के दूध में सोना होता है। वहीं, कोरोना काल के दौरान उन्होंने गोमूत्र को इम्यूनिटी बढ़ाने में उपयोगी बताया था।