

सिलीगुड़ी। रंगापानी में एक डॉक्टर के घर से फर्नीचर और एयर कंडीशनर (एसी) चोरी करने के मामले में बागडोगरा थाना की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पर चोरी करने, जबकि दूसरे पर चोरी का सामान खरीदने का आरोप है। पुलिस ने चोरी का एसी, सोफा और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर की है। उस दिन डॉक्टर का घर खाली था। आरोप है कि इसी दौरान घर से फर्नीचर और एसी समेत कई सामान चोरी कर लिए गए। पड़ोसी से घटना की जानकारी मिलने के बाद मकान मालिक ने बागडोगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने मंगलवार को रंगापानी के धुधु जोत से देवाशीष मजूमदार को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के दौरान पुलिस को नीलकमल घोष के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद चोरी का सामान खरीदने के आरोप में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन हजार रुपये में खरीदा था सामान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नीलकमल घोष के घर से चोरी का एसी और सोफा बरामद किया गया। आरोप है कि उसने ये सामान तीन हजार रुपये में खरीदे थे। वहीं, देवाशीष मजूमदार के घर से चोरी के बाकी सामान भी बरामद किए गए।
बुधवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी की इस घटना में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।